भोपाल। बीजेपी ने सरकार की छवि खराब करने वाली बयानबाजी करने पर दो विधायक प्रदीप पटेल, प्रीतम लोधी, दो महापौर देवास की गीता अग्रवाल और सागर की संगीता तिवारी एवं बीना नगर पालिका अध्यक्ष को शनिवार को तलब किया था। तीन जनप्रतिनिधि उपस्थित हुए जिनसे अलग-अलग चर्चा के दौरान संगठन से पार्टी लाइन का पालन करने को कहा है।
बुलाने पर भी न आने को लेकर सागर महापौर को नोटिस दिया जा रहा है। वहीं महिला से छेड़छाड़, अश्लील चौट वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।
बीजेपी संगठन ने साफ कहा है कि पार्टी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बयानबाजी और कामों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उधर, विधायक प्रदीप पटेल को सफाई देने के बाद भी नोटिस दिए जाने की संभावना है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि बीजेपी की अपनी कार्यपद्धति है जिसका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और अगर कोई इसका पालन नहीं करता है तो उसे समझाइश देने का काम होता है।
उन्होंने कहा कि आज बुलाने के बाद भी सागर की महापौर संगीता सुशील तिवारी नहीं आई हैं, उन्हें बीजेपी नोटिस दे रही है। देवास महापौर से बात हुई है। बीना नगर पालिका अध्यक्ष, मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल आज बुलाने के बाद पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। पिछोर विधायक प्रीतम लोधी को भी बुलाया था पर वे राजस्थान में हैं और शाम तक आएंगे।
शर्मा ने कहा कि कभी कोई कार्यकर्ता चाहे वह जनप्रतिनिधि हो या पदाधिकारी हो, अगर कुछ गलत बात करते हैं तो उन्हें बातचीत करने के लिए बुलाया जाता है। बीजेपी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। कभी-कभी आवेश में बातें हो जाती हैं जिसे ठीक किया जाता है।