कुकडेश्वर। ग्राम पंचायत जंनोद में आयोजित 6 दिवसीय केक प्रशिक्षण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा नीमच के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में लगभग 40 महिलाओं ने केक बनाने की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जंनोद की सरपंच दिलखुश मानक अहिरवार के विशेष प्रयास सराहनीय रहे, जिन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल की। समापन समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने उपस्थित होकर सभी प्रशिक्षित महिलाओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए।
आज का दिन और भी खास बन गया जब सरपंच दिलखुश मानक अहिरवार के पुत्र परिल के जन्मदिन के अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने मिलकर केक काटा और परिल को शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर सरपंच द्वारा पक्षियों के पीने के लिए पानी के सकोरे भी वितरित किए गए, जो प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
सरपंच दिलखुश अहिरवार ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा नीमच का आभार प्रकट किया और सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। इस प्रशिक्षण शिविर ने महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया और स्वरोजगार की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।