नीमच। शनिवार को दिव्यांग ज्योति सेवा संस्था के सदस्यों ने नेहरू पार्क पर विरोध प्रदर्शन किया। दिव्यांगजनों ने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार जागृति जाट को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि 12 मई 2025 तक मांगें नहीं मानी गईं, तो 13 मई को कलेक्टर कार्यालय का सांकेतिक घेराव करेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार आवेदन दिए गए हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दिव्यांगजनों का कहना है कि उन्हें कलेक्टर पर विश्वास है। वे उनकी मांगों पर तत्काल संज्ञान लेंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संस्था ने सद्बुद्धि हवन से अपनी मांगों को रखा। दिव्यांगजनों ने 3 प्रमुख मांगें प्रस्तुत कीं। उन्होंने दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और वृद्धाश्रम की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग की। मानसिक दिव्यांग बच्चों के आवासीय स्कूल के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन और तार फेंसिंग की मांग भी की गई। विधायक निधि से दो लाख रुपए कीमत की बनने वाली दिव्यांग पार्क का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
संस्था ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव में दिव्यांगों की पेंशन 600 से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा किया था। यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है। दिव्यांग पार्क का भूमि पूजन दो साल पहले हुआ था। लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है।