रतलाम। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध लगातार जारी है। शनिवार रात सनातन सोशल ग्रुप द्वारा आतंकी हमले में मारे गए निर्दाेष लोगों को श्रद्धांजलि दी। मां कालिका माता मंदिर परिसर में अखंड ज्ञान आश्रम के स्वामी देवस्वरूपानंदजी की उपस्थिति में श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल भी पहुंचे। स्वामी देवस्वरूपानंदजी ने आशीर्वचन में हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। मंत्री काश्यप ने पहलगाम की घटना को अमानवीय बताते हुए मानवता पर कलंक बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने 30 सालों से आतंक के कुचक्र में फंसे होने की बात कह कर जता दिया है कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी के संकल्प के सामने पाकिस्तान के पसीने छूट रहे हैं। भारत एक सक्षम देश है और कुछ दिनों में ही इस अमानवीय घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों को सबक सिखा देगा।
उन्होंने कहा- इस घटना ने संपूर्ण मानव समाज को झकझोर दिया है, क्योंकि आतंकियों ने धर्म पूछ कर हत्याएं की है। भारत का नेतृत्व ऐसे सशक्त हाथों में है जो कभी भी ऐसी घटनाओं से विचलित होने वाला नहीं है और करारा जवाब देने में सक्षम है।
यह रहे उपस्थित
इस दौरान निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, पुष्पेंद्र जोशी, सनातन सोशल ग्रुप संयोजक मुन्नालाल शर्मा, अध्यक्ष अनिल पुरोहित, रामबाबू शर्मा समेत आदि उपस्थित रहे।