आगर मालवा। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शनिवार को जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने तीन घंटे के निरीक्षण में कई विभागों का दौरा किया। इनमें प्रसूति वार्ड, ब्लड बैंक, नशा मुक्ति केंद्र और मेल-फीमेल वार्ड शामिल थे। उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
सीसीटीवी कैमरों की करें जांच
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को देखते हुए विशेष निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आपातकालीन स्थिति के लिए 10 बेड तैयार रखने को कहा। बंद पड़ी सोनोग्राफी सेवा को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने को कहा।
निजी एंबुलेंस पर जताई नाराजगी
प्राइवेट एंबुलेंस की अनियमित आवाजाही पर कलेक्टर ने नाराजगी दिखाई। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को ऐसे वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल में सफाई और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. राजेश गुप्ता, सिविल सर्जन मनीष कुरील, एसडीएम किरण बरबड़े और तहसीलदार आलोक वर्मा मौजूद रहे।