शहडोल | भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई से प्रारंभ की गई विकसित भारत जी-रामजी योजना का जिला स्तरीय औपचारिक शुभारंभ जनपद पंचायत जयसिंहनगर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह एवं ब्यौहारी विधायक शरद कोल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि यह योजना श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पंचायत विभाग के मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और पात्र श्रमिकों तक इसका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
विधायक शरद कोल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजना को नए स्वरूप में लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत श्रमिकों को 300 रुपये प्रतिदिन की न्यूनतम मजदूरी और 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा कि बदलते समय में रोजगार सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है और विकसित भारत जी-रामजी योजना श्रमिकों के लिए नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह योजना रोजगार और विकास के क्षेत्र में नया अध्याय साबित होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति, एसडीएम काजोल सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष फूलवती सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष मालती सिंह, उपाध्यक्ष रक्षा सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुद्रिका सिंह, जनपद सीईओ शिवानी जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जनजातीय कार्य विभाग के राजेंद्र तिवारी ने किया।