रामपुरा। नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम थाना प्रभारी विपिन मसीह के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 80 छात्राओं ने भाग लिया।
थाना प्रभारी मसीह एवं उनकी टीम ने छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से सूचना दें।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा परिवार और समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ उचाना, दिनेश पवार, अनुराग खींची, शिक्षिकाएं एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।