चित्तौड़गढ़। गृह विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिले में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा तथा आपराधिक एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ई-विजिटर्स पोर्टल के प्रभावी संचालन हेतु बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, चित्तौड़गढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में होटल, धर्मशाला, सराय, लॉज, गेस्ट हाउस, होम-स्टे एवं अन्य आवासीय संस्थानों के संचालकों को पोर्टल के संचालन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम नोडल अधिकारी अशोक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान सेल, चित्तौड़गढ़ के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय क्षेत्र स्थित होटल, सराय, लॉज, गेस्ट हाउस, होम-स्टे एवं अन्य आवासीय संस्थानों के संचालकों को ई-विजिटर्स पोर्टल के उपयोग, आगंतुकों की ऑनलाइन प्रविष्टि एवं अभिलेख संधारण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने संस्थानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-विजिटर्स पोर्टल पर समयबद्ध रूप से ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित करें, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। साथ ही प्रशिक्षण में स्पष्ट किया गया कि ई-विजिटर्स पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।