खरगोन। जिले के कसरावद क्षेत्र के शालीवाहन-नावड़ाटोंडी में स्वर्गीय ओंकार लाल चौहान की पावन स्मृति में सेन समाज द्वारा विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 11 लाख पौधारोपण महाअभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 251 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी एवं नारायणी सेना के प्रदेश संगठन मंत्री सुभाष चौहान सेन ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में नर्मदिय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश बड़ोले उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजजन, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नारायणी सेना के जिला महासचिव सुनील सेन ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मानवता के संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चौहान सेन का शक्तिमान शोरूम पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर संजय सेन, कपिल सेन, मधु सेन, दिलीप सेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।