नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम का दूसरा दिन उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आइस-ब्रेकिंग सत्र से हुई, जिसमें नवप्रवेशित छात्राओं ने एक-दूसरे से परिचय कर नई मित्रता की और अपनी साथी छात्रा के बारे में पांच महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए समूह के समक्ष परिचय प्रस्तुत किया। इस गतिविधि का संचालन प्रो. नेहा इंग्लैं ने किया।
इसके बाद छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया। संबंधित प्राध्यापकों ने उन्हें विषयों के अध्ययन, प्रयोगात्मक कार्य एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रवेश प्रभारी डॉ. हीर सिंह राजपूत ने बताया कि आगामी दो दिनों में नई शिक्षा नीति, मानसिक स्वास्थ्य, आंतरिक मूल्यांकन तथा बहुविषयक विषय चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में खेल अधिकारी डॉ. महेंद्र राव ने छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोचक खेल गतिविधियों का आयोजन कराया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।