इंदौर। लसूडिया पुलिस ने फर्जीवाड़े के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष कपिल गोयल को गिरफ्तार किया है। कपिल के खिलाफ मार्च 2025 में जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने कपिल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
डीसीपी अभिवन विश्वकर्मा (जोन 2) के अनुसार, पीड़ित नरेंद्र कुमार माहेश्वरी को प्लॉट दिलाने के नाम पर कपिल ने 49 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। कपिल ने विस्तारा टाउनशिप के नाम से फर्जी अलॉटमेंट लेटर तैयार कर नरेंद्र को सौंपा। बाद में यह सौदा बदलते हुए बाबजी नगर एक्सटेंशन में एक अन्य भूखंड दिखाया गया, जिसकी कीमत अधिक बताते हुए एक हिस्सा अपने पिता के नाम करने की बात कही गई।
फर्जीवाड़ा सामने आने पर नरेंद्र ने की शिकायत
इस भूखंड का मालिक अभिषेक राठौर उर्फ प्रबल पटौदी को बताया गया, जिससे कपिल ने नरेंद्र की मुलाकात पीयू-4 स्थित ऑफिस में कराई। इसके बाद कपिल ने अपनी पत्नी और अन्य लोगों की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्रार ऑफिस में रजिस्ट्री करवा दी। जब नरेंद्र को फर्जीवाड़े की जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसी आधार पर मार्च 2025 में कपिल व अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
अन्य आरोपी फरार
लसूडिया पुलिस ने कपिल को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों कपिल की पत्नी, अभिषेक राठौर उर्फ प्रबल पटौदी और शुभम मालवीय की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी दर्ज हैं धोखाधड़ी के केस
एमजी रोड पुलिस थाने में भी कपिल गोयल पर भंवरकुआं क्षेत्र में दो करोड़ रुपए की फर्जी प्लॉट डील के मामले में केस दर्ज है। इस केस में भी फर्जी लेटर के जरिए धोखाधड़ी की गई थी और उसकी पत्नी को भी आरोपी बनाया गया था। इसके अलावा कुछ माह पूर्व खुड़ैल पुलिस ने भी कपिल पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।