उज्जैन। सावन माह में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। इसी बीच श्रद्धालुओं की खाद्य सुरक्षा को लेकर महाकाल लोक के फूड जोन में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक निरीक्षण किया, जहां नेमा कुल्फी सेंटर के स्टोरेज एरिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
स्टोरेज एरिया में मिली गंदगी, चूहे देखकर अधिकारी भी हैरान
निरीक्षण के दौरान कुल्फी सेंटर में भारी गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति सामने आई। अधिकारियों के अनुसार स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में चूहे पाए गए। खाद्य पदार्थों के आसपास चूहों की मौजूदगी को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने फालूदा और कुल्फी के सैंपल जांच के लिए जब्त किए। साथ ही प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कार्रवाई से फूड जोन में मचा हड़कंप
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद महाकाल लोक के फूड जोन में हड़कंप की स्थिति बन गई। कार्रवाई होते ही कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर वहां से चले गए। खाद्य विभाग की टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
खाद्य अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सावन के दौरान महाकाल लोक में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब फूड जोन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।