झाबुआ। ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जनपद झाबुआ के सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक ली। उन्होंने मैदानी अमले को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा का उद्देश्य केवल नौकरी करना नहीं, बल्कि आमजन की सेवा करना है। सभी अधिकारी-कर्मचारी इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित सरपंच और सचिव के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश
कलेक्टर ने रोजगार सहायकों को वीबी-जी राम जी से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति नहीं बननी चाहिए। प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ग्राम विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। तीनों के आपसी समन्वय और सक्रियता से गांवों में विकास कार्यों को बेहतर ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। उन्होंने आदि सेवा केंद्रों की विशिष्ट पहचान विकसित करने पर भी जोर दिया।
अच्छा कार्य करने वालों को मिलेगा पुरस्कार
कलेक्टर ने मैदानी अमले को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से जिले को विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। लगातार बेहतर और उल्लेखनीय कार्य करने वाले सचिवों एवं रोजगार सहायकों को चिन्हित कर पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, सचिव एवं रोजगार सहायक मौजूद रहे।