बालाघाट। जिले में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। लांजी थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी डाबरी में जीआरबी डिवीजन के 10-15 नक्सलियों की सूचना मिली थी। इस पर हॉकफोर्स, सीआरपीएफ बी 207 और कोबरा की 12 टीमों ने सर्चिंग अभियान शुरू किया। दोपहर करीब 2 बजे हॉकफोर्स की टीम बिलालकसा जंगल में पहुंची। वहां मौजूद सशस्त्र माओवादियों ने पुलिस टीम पर 20-30 राउंड फायरिंग की। जवानों ने पत्थर और पेड़ों की आड़ लेकर जवाबी फायरिंग की। इसके बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक नगेन्द्रसिंह ने बताया कि मुठभेड़ में किसी पक्ष को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में बड़ा सर्चिंग अभियान चल रहा है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के इस्तेमाल की सोलर प्लेट, दैनिक उपयोग की सामग्री और दवाइयां बरामद की हैं। पुलिस थाने में नक्सलियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
इससे पहले 19 फरवरी को बालाघाट पुलिस ने गढ़ी थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ में 62 लाख रुपए के इनामी 4 महिला नक्सलियों को मार गिराया था। कान्हा के वनक्षेत्र सूपखार के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में भोरमदेव कमेटी की एक कमांडर और तीन एसीएम स्तर की महिला नक्सली मारी गई थीं।