तराना। गौमाता को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजने, गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून बनाने और गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल ने बुधवार को महिदपुर नाके पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और शासन-प्रशासन से मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की।
संगठनों का आरोप है कि गौमाता से जुड़े मुद्दों को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को ज्ञापन और मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण धरना देकर प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।
गोहत्या पर सख्त कानून और गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून बनाने, पूर्व एवं शासकीय गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा गौमाता को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद गौमाता से जुड़े मुद्दों पर उन्हें लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर नाराजगी
धरना स्थल पर काफी समय तक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों के नहीं पहुंचने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में नगर बंद सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना देते हुए शासन-प्रशासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। अब इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखने वाली बात होगी।