चित्तौड़गढ़। चंदेरिया क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल सड़कों, जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उड़ती धूल-मिट्टी से परेशान व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों ने व्यापार सेवा संस्थान के बैनर तले जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की खराब सड़कों के कारण व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार सेवा संस्थान के चंद्रसिंह शेखावत एवं भेरूलाल मेनारिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कपासन चौराहे से हिन्दुस्तान जिंक प्लांट एवं मेड़ीखेड़ा फाटक तक तथा चंदेरिया क्षेत्र की सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खराब सड़कों के कारण वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
धूल-मिट्टी से व्यापार और जनजीवन प्रभावित-
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में भारी मात्रा में धूल-मिट्टी उड़ने से दुकानदारों, व्यापारियों एवं रहवासियों को परेशानी हो रही है। व्यापार करना और दैनिक जीवन सुचारु रूप से चलाना मुश्किल हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने धूल-मिट्टी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका भी जताई।
क्षेत्र में दो बड़े उद्योग होने के कारण भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कें समस्या को और गंभीर बना रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने सड़कों की मरम्मत के साथ धूल नियंत्रण के लिए भी प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की।
नालियों की सफाई और सड़क सुधार की मांग-
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों के दोनों ओर कई स्थानों पर व्यवस्थित नालियों का अभाव है। जहां नालियां बनी हुई हैं, वहां नियमित सफाई नहीं होने से भी परेशानी बनी रहती है। उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत के साथ नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल में भेरूलाल मेनारिया, शिवशंकर उपाध्याय, मुकेश जीनगर, सतनाम सिंह, किशन शर्मा, प्रमोद राजपुरोहित, संजय शर्मा, कैलाश नाथ, अरविन्दर सिंह (लाली), अकरम, नवीन गुर्जर, ललित प्रजापत एवं सत्तु सालवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।