चित्तौड़गढ़। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर झाड़ियों की आड़ में ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12,630 रुपए नकद एवं ताश के पत्ते जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में से चेतन जैन एवं जसवंत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आरपीजीओ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन बताए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मंगलवाड़ भवानीशंकर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश-
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को एएसआई भैरूलाल मय जाप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि नंगावली से मंगलवाड़ जाने वाली कच्ची सड़क पर सार्वजनिक स्थान पर झाड़ियों की आड़ में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां छह व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने रुपये एवं ताश के पत्ते समेटकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आजाद मोहम्मद (47), जसवंत सिंह (63), मुस्ताक हुसैन (38), कन्हैयालाल (35), चेतन जैन (36) एवं आजाद खां (25) के रूप में हुई। सभी आरोपी चित्तौड़गढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते एवं 12,630 रुपए नकद जब्त किए। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 13 आरपीजीओ एवं 112(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
दो आरोपियों पर पहले से भी मामले-
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चेतन जैन एवं जसवंत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आरपीजीओ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन हैं।
इनकी रही भूमिका-
कार्रवाई में थानाधिकारी भवानीशंकर, एएसआई भैरूलाल, धमेन्द्र कुमार, प्रेमनाथ, ईश्वर सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह, गोमा राम, रोशन एवं चन्द्रशेखर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।