हातोद। सरदारपुर तहसील के ग्राम हातोद स्थित AKVN इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली के तार खुले छोड़े जाने का मामला सामने आया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। खास बात यह है कि आसपास बच्चे भी खेलते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली के कुछ तार खुले पड़े हैं और बिजली के पोल पर भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को इस ओर कई बार ध्यान देना चाहिए, लेकिन अब तक स्थिति में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आया है।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा को लेकर सवाल
ग्रामीणों ने मांग की है कि खुले बिजली के तारों को तत्काल सुरक्षित किया जाए। साथ ही सभी बिजली के पोल पर उचित ढक्कन लगाए जाएं और खुले तारों पर टेप लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से पैक किया जाए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की संभावना न रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के खुले तारों को सुरक्षित नहीं किया गया और कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि हादसा होने का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण करें और खुले बिजली के तारों को सुरक्षित करवाएं।