चित्तौड़गढ़। "वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान" के अंतर्गत रविवार को जिले भर में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यकारी करी विनय पाठक ने बताया कि
नगर निकाय, ग्रामीण पंचायत राज विभाग, राजीविका, नेहरू युवा केंद्र सहित अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं ने मिलकर नगर परिषद, नगर पालिकाओं, ब्लॉकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभात फेरियों एवं रैलियों का आयोजन किया।
कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने राशमी उपखंड के उपरेडा ग्राम पंचायत में हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, भदेसर पंचायत समिति की धीरजी का खेड़ा में रैली का आयोजन एवं निंबाहेड़ा में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
बैंड-बाजों एवं डी.जे. के साथ निकाली गई इन रैलियों में जन समुदाय को जल संरक्षण, जल संवर्धन, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार और वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम जनभागीदारी एवं जनजागरूकता की भावना को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रत्येक दिन आयोजित हो रही इन गतिविधियों के माध्यम से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत की जा रही है। यह अभियान आगामी 20 जून तक निरंतर जारी रहेगा।