नीमच। जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में बरसाती पानी की निकासी का नाला मिट्टी डालकर बंद किए जाने से पुराना रास्ता जलमग्न हो गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला के पीछे अमावली जागीर की ओर जाने वाले पुराने रास्ते के समीप स्थित नाले में मिट्टी डालकर पानी की निकासी रोक दी गई है। इसके कारण बारिश का पानी रास्ते पर जमा हो गया है। जलभराव के चलते ग्रामीणों को पैदल आने-जाने के साथ ही वाहन, बैलगाड़ी एवं आवश्यक सामान ले जाने में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसाती पानी की निकासी बाधित होने से रास्ते पर लगातार पानी जमा हो रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले का मौका मुआयना करवाकर नाले में किए गए अवरोध को तत्काल हटाने तथा बरसाती पानी की निकासी बहाल कराने की मांग की है।