शिवपुरी। पढ़ाई के लिए रोजाना शिवपुरी आने वाली सिरसौद की छात्राओं के सामने बस किराया बढ़ने से आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से बढ़ा हुआ किराया कम करवाने की मांग की।
छात्राओं के मुताबिक वे पिछले दो वर्षों से प्रतिदिन बस से शिवपुरी आती हैं। यहां वे लाइब्रेरी में अध्ययन करने के साथ स्किल डेवलपमेंट की तैयारी करती हैं। पहले बस संचालकों द्वारा उनसे 20 रुपए प्रति सवारी किराया लिया जाता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से किराया बढ़ाकर 40 रुपए कर दिया गया है।
पढ़ाई पर पड़ रहा आर्थिक बोझ
गरीब परिवारों से आने वाली छात्राओं का कहना है कि रोजाना आने-जाने में 40 रुपए किराया देना परिवारों के लिए मुश्किल हो रहा है। बढ़े किराये का सीधा असर उनकी पढ़ाई और भविष्य की तैयारी पर पड़ रहा है।
कलेक्टर से लगाई गुहार
छात्राओं ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी आर्थिक स्थिति और रोजाना शहर आने-जाने की मजबूरी को देखते हुए बस किराये को कम या न्यूनतम कराया जाए, ताकि आर्थिक परेशानी के बिना वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।