शिवपुरी। कोलारस तहसील की ग्राम पंचायत चंदौरिया के ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की। ग्रामीणों ने पिछले तीन महीनों का लंबित राशन दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिंगर लगवाने के बाद भी नहीं मिला जुलाई का राशन
ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान पर उपभोक्ताओं के फिंगर लगवाने के बावजूद जुलाई 2026 का राशन अब तक वितरित नहीं किया गया। इसके अलावा चंदौरिया और रामपुर की आंगनवाड़ी का राशन भी लंबित बताया गया है।
पहले भी की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने 8 अगस्त 2026 को एसडीएम कोलारस को भी आवेदन दिया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और लंबित राशन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।