चित्तौड़गढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना का संदेश देते हुए कलेक्ट्री चौराहा स्थित जोधपुर ड्राई क्लीनर्स की ओर से विशेष निशुल्क सेवा का आयोजन किया गया। इसके तहत सरकारी और निजी स्कूलों की गणवेश, राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे झंडे तथा भगवा ध्वज की धुलाई एवं प्रेस निशुल्क की गई।
ड्राई क्लीनर्स के संचालक महेंद्र कनौजिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह सेवा उपलब्ध कराई गई। उनकी इस पहल का बड़ी संख्या में सरकारी एवं निजी स्कूलों और अन्य संस्थाओं ने लाभ लिया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न संस्थाओं की ओर से तिरंगे झंडे और स्कूली बच्चों की गणवेश ड्राई क्लीनिंग के लिए लाई गई, जिन्हें सम्मानपूर्वक निशुल्क धुलाई और प्रेस की सेवा प्रदान की गई।
इस पहल के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के साथ समाजसेवा का संदेश भी दिया गया।