नीमच। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ ने प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों की लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव ने कहा कि कोटवार लंबे समय से राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश के सभी 38 हजार कोटवारों को स्थायी किया जाए। साथ ही 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कोटवारों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर वाहन चालक, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक ग्रेड-3, चेनमैन, पटवारी सहित समकक्ष पदों पर पदोन्नति का लाभ दिया जाए। भविष्य में होने वाली भर्तियों में कोटवारों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने की भी मांग की गई।
संघ ने भूमिधारी कोटवारों को भी भूमिहीन कोटवारों की तरह प्रतिवर्ष 500 रुपये मानदेय वृद्धि का लाभ देने की मांग रखी। इसके अलावा वर्दी के स्थान पर पूर्व की भांति 5 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में प्रदान करने तथा कोटवारों की सेवा भूमि का अधिकार पुनः राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने की मांग की गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कोटवार लंबे समय से शासन की विभिन्न व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण होने से प्रदेशभर के हजारों कोटवारों को राहत मिलेगी। संघ ने शासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है।