चित्तौड़गढ़। निम्बाहेड़ा नगर में रविवार को ब्रह्माकुमारीज सेंटर पर मेगा स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में रक्तदान के साथ लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में आयोजन
सेंटर प्रभारी बीके शिवली दीदी ने बताया कि संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर ब्रह्माकुमारी विद्यालय की ओर से भारत और नेपाल के सभी सेवाकेंद्रों पर स्वैच्छिक विशाल रक्तदान महाअभियान आयोजित किया जा रहा है।
‘ज्ञानपान, योग-ध्यान और फिर रक्तदान’ का संदेश
बीके शिवली दीदी ने बताया कि इस वर्ष रक्तदान महादान अभियान की थीम हैकृ“पहले करना है ज्ञानपान, फिर होगा योग-ध्यान, हो जाएगा मन शांत और फिर करेंगे हम रक्तदान।”
उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से अनमोल जीवन बचाने के महान उद्देश्य को लेकर यह पुनीत अभियान चलाया जा रहा है।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा
शिविर में करणी माता हॉस्पिटल के चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा परामर्श भी दिया जाएगा। आयोजकों ने निम्बाहेड़ा नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।