नीमच। कर्मचारियों एवं श्रमिकों के अधिकारों और विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को नीमच कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम 57 सूत्रीय मांग पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
संघ के जिलाध्यक्ष नितिन साहू एवं जिला मंत्री सुभाष कुमावत के नेतृत्व में विभिन्न कर्मचारी एवं श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने, ईपीएस के तहत न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये करने, ईपीएफ एवं ईएसआईसी की वेतन सीमा में वृद्धि, ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने तथा समान कार्य-समान वेतन लागू करने की मांग की गई।
इसके अलावा आंगनवाड़ी, आशा, एनएचएम, मिड-डे मील, आउटसोर्स, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं ठेका कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि तथा सेवा शर्तों में सुधार की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। बैंक कर्मचारियों के लिए 5-डे वर्किंग लागू करने तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग भी उठाई गई।
भारतीय मजदूर संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो श्रमिक हित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी, श्रमिक एवं विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।