नीमच। जिले के सरवानिया महाराज निवासी राजूलाल पिता मूलचंद भट्ट ने कलेक्टर को आवेदन देकर नायब तहसीलदार के 22 अक्टूबर 2024 के आदेश के बावजूद अब तक सीमांकन एवं कब्जा दिलाने की कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की है।
आवेदक ने बताया कि उसके 30×60 फीट के भूखंड तक आने-जाने के लिए रास्ता उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजूलाल का आरोप है कि नायब तहसीलदार के आदेश के बावजूद पटवारी एवं गिरदावर द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदक ने प्रशासनिक स्तर पर आदेश की पालना में हो रही देरी पर भी सवाल उठाते हुए लापरवाही अथवा किसी प्रभाव की आशंका जताई है। उसने कलेक्टर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने तथा संबंधित अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
राजूलाल ने आवेदन में कहा है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह परिवार सहित आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा। आवेदन के माध्यम से उसने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने की अपील की है।