शहडोल। शहडोल के चर्चित रामपुर गोलीकांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी को अमलाई पुलिस ने बागेश्वर धाम से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और हुलिया बदलकर आश्रम में छिपा हुआ था।
चिकन शॉप संचालक की हत्या के बाद था फरार
मामला अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर का है। यहां 13 जुलाई को चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी राजकुमार शर्मा फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले जटायु धाम, फिर मैहर और इसके बाद बागेश्वर धाम पहुंचा। यहां उसने अपना हुलिया बदल लिया और आश्रम में छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
भंडारे की लाइन में दिखा आरोपी
सुराग मिलने पर अमलाई पुलिस की टीम बागेश्वर धाम पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान राजकुमार शर्मा भंडारे में खाना खाने के लिए थाली लेकर लाइन में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही आरोपी थाली छोड़कर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर उसे घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया।
शहडोल लाकर होगी आगे की कार्रवाई
एसपी संजय कुमार अग्रवाल के मुताबिक आरोपी को शहडोल लाया गया है। उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।