नीमच। जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे जिले के ग्राम कंर्जाडा निवासी हीरालाल मालवीय ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।
हीरालाल मालवीय का आरोप है कि उसकी भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उसके अनुसार न्यायालय एवं राजस्व अधिकारियों के आदेश के बावजूद उसे अपने हिस्से की जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल पा रहा है। उसने विवादित भूमि पर निर्माण किए जाने तथा इसका विरोध करने पर धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। हीरालाल ने कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलता, वह कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरने पर बैठा रहेगा।
प्रशासन ने बताया सात बार हो चुका सीमांकन-
मामले में प्रशासन का पक्ष भी सामने आया है। एडीएम बी.एस. कलेश ने बताया कि संबंधित भूमि का अब तक सात बार सीमांकन कराया जा चुका है। प्रशासन के अनुसार आवेदक को उसके रकबे की जमीन दिलाई जा चुकी है।
एडीएम ने बताया कि इसके बावजूद यदि आवेदक संतुष्ट नहीं है तो मामले की पुनः जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा मामले के तथ्यों की दोबारा जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।