नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से परेशान ग्राम ढाबी आमली भाट के ग्रामीण अपनी फरियाद लेकर नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पात्रता के अनुसार योजना का लाभ दिलाने और मामले की जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर उनका सर्वे होने के बावजूद अब तक उनके आवेदनों की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है और न ही उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल पाया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर एक फरियादी ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कलेक्टर कार्यालय परिसर में लोट लगाकर अपनी पीड़ा जताई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार योजना में नाम एवं आवेदन की स्थिति के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने सहायक सचिव, सचिव एवं इंजीनियर की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग भी रखी।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर लंबित आवेदनों की स्थिति स्पष्ट करने तथा पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है।