नीमच। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल केंद्र द्वारा 15 अगस्त को शिक्षक कॉलोनी स्थित डॉ. राधाकृष्णन प्राथमिक विद्यालय में झंडावंदन एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण से हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया। महावीर इंटरनेशनल की ओर से स्कूल परिसर में बच्चों के बैठने के लिए 5 सीमेंट की कुर्सियां और विद्यालय में उपयोग के लिए 2 सनमाइका टेबल भेंट की गईं। दानदाताओं एवं लाभार्थी परिवारों का माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
शहीदों के बलिदान को किया नमन
महावीर इंटरनेशनल के सचिव जितेंद्र सकलेचा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता, समरसता और प्रगति के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
सेवा कार्यों की सराहना
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की अध्यक्ष रजिया अहमद के प्रेरणादायी कार्यों की सराहना की गई। डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स एम्पावरमेंट आशा सांभर ने माला-दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने महावीर इंटरनेशनल द्वारा लंबे समय से विद्यालय को आवश्यकता अनुसार दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण, टी-गार्ड और पौधों के रखरखाव के कार्यों का भी उल्लेख किया।
बच्चों को बांटे तिरंगे, फल और मोजे
इस अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों को तिरंगे झंडे, फल और मोजे वितरित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य सूरज मल अग्रवाल, मनोहरलाल बंब, आशा सांभर, रजिया अहमद, सुरेंद्र बंब, हरीश उपाध्याय, शोभाराम वीरवाल, माया वीरवाल, लीला बंसल, एस.एस. पंडित, सत्यनारायण अग्रवाल, ईश्वरलाल धनौतिया, रमेश आगर, राधेश्याम बंसल, राधेश्याम पाटीदार सहित संस्था पदाधिकारी, स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।