मनासा। भारतीय मानक ब्यूरो के तत्वावधान में शासकीय रामचन्द्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा में मंगलवार को वर्ड सर्च पहेली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय मानक ब्यूरो के संयोजक एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. देवीलाल सुतार ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ को भारतीय मानक ब्यूरो की मानक निर्धारण प्रक्रिया तथा BIS App के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी करते समय उनकी गुणवत्ता एवं प्रमाणिकता की पहचान करने के तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी उत्पाद को खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, मानक चिन्ह एवं प्रमाणिकता की जांच करना आवश्यक है, ताकि उपभोक्ता गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पाद का चयन कर सकें। साथ ही भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा उपभोक्ताओं के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़, विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. मुकेश मालवीय, प्रो. अरुण कुमार चौरसिया, डॉ. स्मिता रावत, प्रो. सुदेश कलम एवं प्रो. मधु कुशवाह सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो. चंद्रशेखर बारीवाल द्वारा उपस्थित अतिथियों, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।