खरगोन। स्टोन क्रेशर संचालकों की प्रदेश व्यापी हड़ताल को जिले में भी समर्थन मिला है। सोमवार को शहर के स्टोन क्रेशर संचालकों ने एकजुटता दिखाते हुए प्रदेश व्यापी हड़ताल को समर्थन देते हुए जिले में भी रेत- गिट्टी, मुरुम जैसे भवन निर्माण सामग्री का परिवहन बंद करने का निर्णय लिया है। क्रेशर संचालकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला स्टोन क्रेशर संघ के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम 7 सुत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
संघ के अमित जैन, सतीष जासवाल, मदन चौहान, राजू शर्मा आदि ने बताया कि माईनिंग प्लान में रॉयल्टी बढ़ाने, स्टॉप ड्यूटी समाप्त करने, राजस्व विभाग द्वारा सेटेलाईट सर्वे के माध्यम से भूमि का सीमांकन हो रहा है, पहले पटवारी द्वारा चेन से सीमांकन किया जाता था, इस वजह से मौके पर खदान की स्थिति में फर्क आ जाता था, अब अवैध उत्खनन का प्रकरण बन जाता है और पट्टेदार पर दंड राशि निरुपित कर दी जाती है। उक्त समस्याओं का समाधान होने तक परिवहन कार्य बंद रखा जाएगा। स्टोन क्रेशर संचालकों की हड़ताल से चल रहे निर्माण कार्याे में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। मटेरियल महंगा होने का अंदेशा भी बना हुआ है।