देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने समर वैकेशन (ग्रीष्म कालीन अवकाश) में कक्षा 01 से लेकर 5वीं तक के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अनूठी पहल प्रारंभ की है। अनूठी पहल (प्रतियोगिता) की अवधि 15 जून तक होगी। जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा उत्साह से सहभागिता की जा रही है। कलेक्टर सिंह ने जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों से कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में सहभागिता करें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे भी अपने बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
उल्लेखनीय है कि जिले के कक्षा 01 से लेकर 5वीं तक के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अनूठी पहल में विद्यार्थियों बच्चों द्वारा 01 से 25 तक का पहाड़ा सुनाने पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए 10 मिनिट का समय निर्धारित किया गया है। कम से कम समय में 01 से 25 तक पहाड़ा सुनाने वाले टॉप-10 बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागी बच्चों को 10 मिनिट के अंदर पहाड़ा 01 से 25 तक सुनाते हुए वीडियो बनाकर अपने संबंधित स्कूल प्राचार्य के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित करना होगा। इस प्रतियोगिता में शासकीय विद्यालय के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। विजेता टॉप-10 प्रतिभागी विद्यार्थियों को कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने जिले के शासकीय विद्यालयों के छात्रों से कहा है कि वे इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक सहभागिता करें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी देवास 99265-00317, डीपीसी-98936-68626 से संपर्क कर सकते हैं।