नीमच। जिले के कंजार्डा गाँव के किसान यशवंत धाकड़ लगभग डेढ़ महीने से अपने बेचे गए गेहूं के भुगतान के लिए दर-दर भटक रहा हैं। 24 अप्रैल को उन्होंने सहकारी सेवा साख संस्था, कंजार्डा में करीब साढ़े 44 क्विंटल गेहूं तुलवाया था, जिसकी राशि 1,15,700 है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज तक उन्हें यह भुगतान नहीं मिला है।
यशवंत ने बताया कि उन्होंने कई बार संस्था से संपर्क साधा, लेकिन हर बार उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही उनका भुगतान किया गया। अपनी इस समस्या को लेकर आज वह नीमच कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर से तुरंत अपने गेहूं की राशि दिलवाने की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस किसान की कब तक सुध लेता है।