सनावद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को बस स्टैंड गांधी प्रतिमा के सामने सरकार द्वारा मूंग की फसल समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदने के संबंध में राज्यपाल के नाम तहसीलदार मुकेश मचार को ज्ञापन सौंप कर धरना प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि नाईक ने बताया कि किसानों ने मूंग की फसल लगाई है लेकिन सरकार द्वारा आज दिनांक तक भी समर्थन मूल्य पर मूंग की फसल खरीदी के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किए हैं जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है सरकार के द्वारा किसानों की मूंग की फसल को जहरीली फसल बताकर खरीदी नही करने की बात कही जा रहा है जबकि किसानों के द्वारा बाजार से ही कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है। यदि बाजार से किसानों द्वारा खरीदे गए कीटनाशक में जहरीला पदार्थ था तो कृषि विभाग क्यों मूकदर्शक बने बैठा था। किसानों के हित में किया जा रहे प्रदर्शन को कांग्रेस नेत्री आरती पाटिल, इंदर बिरला, सौभाग्य पटेल, मोहन मलगाया सहित अन्य कहीं कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित कर सरकार को जमकर कोसा। प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कृषि विस्तार अधिकारी से भी सरकार द्वारा मूंग की खरीदी नहीं किए जाने पर सवाल जवाब किया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि व्यापारियों के द्वारा किसानों की मूंग की उपज कम दामों पर खरीदी जा रही है जिससे किसानों की लागत निकालना भी मुश्किल हो गई है यदि जल्द से जल्द सरकार के द्वारा किसानों के मूंग की फसल समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ नहीं की गई तो कोंग्रेस पार्टी द्वारा कलेक्टर एवं सांसद विधायकों के निवास पर प्रदर्शन किया जाएगा।