नीमच। जिले में मनासा तहसील के पावटी गांव में एक किसान की निजी जमीन पर ग्राम पंचायत ने अवैध तरीके से सड़क बना दी। किसान राधेश्याम गायरी ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की। राधेश्याम ने बताया कि जून 2023 में जब वह रिश्तेदारी में गया हुआ था, तब पंचायत ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए जेसीबी से उसके खेत में 40 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी सड़क बना दी। प्रभावित जमीन सर्वे नंबर 87 और 89 में स्थित है, जिसका कुल रकबा 0.47 हेक्टेयर है।
विरोध करने पर सरपंच और सचिव ने जानकारी के अभाव का हवाला देते हुए स्थिति को सुधारने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब खेत में पानी भरने से फसल को नुकसान हो रहा है। किसान ने कलेक्टर और एसडीएम मनासा को कई बार आवेदन दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 8 दिन में समाधान नहीं निकला तो वह परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय में आत्मदाह कर लेंगे। राधेश्याम ने मौजा पटवारी, सरपंच और सहायक सचिव को इस मामले में जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने अपनी जमीन से अवैध सड़क हटाने की मांग की है।