पिपलिया मंडी (मंदसौर)। पिपलिया मंडी हाईवे स्थित टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जैसे ही मामले की सूचना टोलकर्मियों और स्थानीय लोगों को मिली, तुरंत पिपलिया मंडी पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।

पुलिस ने टोल प्रबंधन की गाड़ी से शव को मंदसौर जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, वहीं मौत के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि यह हादसा है या फिर इसके पीछे कोई साजिश। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।