चित्तौड़गढ़। बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड के बिरला सीमेंट वर्क्स एवं चंदेरिया सीमेंट वर्क्स द्वारा देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ हर्षाेल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण, संबोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत एम.पी. बिरला हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में ध्वजारोहण के साथ हुई। बिरला सीमेंट वर्क्स एवं चंदेरिया सीमेंट वर्क्स के इकाई प्रमुख जयन्त काण्डपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात बिरला सीमेंट वर्क्स एवं चंदेरिया सीमेंट वर्क्स परिसर में इकाई प्रमुख जयन्त काण्डपाल ने ध्वजारोहण किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे। इकाई प्रमुख ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में उद्योग, संस्थान और प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने सभी से कार्यक्षेत्र में निष्ठा, अनुशासन, उत्कृष्टता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए संस्थान की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित
समारोह के दौरान अपने कार्यक्षेत्र में अनुकरणीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में एचआर हेड हेमंत किशोर श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जय सूरजना माइंस में भी हुआ ध्वजारोहण
इसके बाद इकाई प्रमुख जयन्त काण्डपाल ने बिरला सीमेंट की जय सूरजना माइंस में ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र एवं संस्थान की प्रगति के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संदेश दिया।
बिरला शिक्षा केंद्र में विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह की अगली कड़ी में बिरला शिक्षा केंद्र में भी इकाई प्रमुख जयन्त काण्डपाल ने ध्वजारोहण किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संस्था प्रधान ने विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।
इकाई प्रमुख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया और शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।