चित्तौड़गढ़। चंद्रवंशी कहार भोई समाज चित्तौड़गढ़ की महासंगम कावड़ यात्रा सोमवार 17 अगस्त को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। यात्रा में समाज के 5 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महासंगम कावड़ यात्रा सोमवार सुबह 9रू15 बजे बैंड-बाजे के साथ पाडनपोल दुर्ग से रवाना होगी। यात्रा मिठाई बाजार, गोल प्याऊ चौराहा, सुभाष चौक, कलेक्ट्रेट चौराहा, कीर खेड़ा और भोई खेड़ा होते हुए संगम महादेव मंदिर, भोई खेड़ा पहुंचेगी।
1100 कावड़ और 1100 कलश होंगे शामिल
कावड़ यात्रा में 1100 कावड़ और 1100 कलश शामिल रहेंगे। यात्रा में भोई खेड़ा, बस्सी, घोंसुंडा, गिलुंड, पंचदेवला, पिपलीपाल, चामटी खेड़ा, मानपुरा, चंदेरिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे।
धर्मसभा में संत-महंत देंगे प्रवचन
संगम महादेव मंदिर पहुंचने के बाद धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें संत-महंत अनुज दास जी महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। इसके साथ ही 10 हजार से अधिक लोगों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।
मार्ग में होगा पुष्पवर्षा से स्वागत
महासंगम कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन, राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा मार्ग में विभिन्न संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।