खरगोन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को महेश्वर नगर में आयोजित समारोह उस समय विवादों में आ गया, जब मंच पर अतिथियों के सम्मान के दौरान नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद गजानंद मकवाने को सम्मानित नहीं किए जाने पर उन्होंने मंच से ही विरोध जताया।
प्रभात फेरी और ध्वजारोहण के बाद जब मंच पर अतिथियों के सम्मान का क्रम शुरू हुआ, तब पार्षद गजानंद मकवाने का सम्मान नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसी दौरान मंच संचालक व्याख्याता राजकुमार शर्मा की ओर से कथित तौर पर यह कहे जाने कि “हमने आपको कार्यक्रम में नहीं बुलाया”, मामला और गरमा गया।
इसके बाद नगर परिषद के पार्षद गजानंद मकवाने और नगर परिषद अध्यक्ष अलका गजराज यादव मंच से उठकर कार्यक्रम से चले गए। इस घटनाक्रम के बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के मंच पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनी रही।
समारोह के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अलका यादव द्वारा राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् के दौरान विश्राम की स्थिति में खड़े रहने को लेकर भी चर्चा होती रही।
पूरे दिन नगर में चर्चा का विषय रहा विवाद
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के सार्वजनिक मंच पर हुए इस विवाद की चर्चा पूरे दिन नगर में होती रही। लोगों का कहना रहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में इस प्रकार की स्थिति सामने आना नगर के लिए सकारात्मक संदेश नहीं है।
समारोह में हुई इस घटना ने आयोजन की व्यवस्थाओं और मंच संचालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए। हालांकि, विवाद के बीच नगर में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन अन्य कार्यक्रमों के साथ जारी रहा।