चित्तौड़गढ़/निंबाहेड़ा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रभक्ति और देशहित को अपने जीवन का आधार बनाए रखा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए और विश्व के दबाव के बावजूद पोकरण में परमाणु परीक्षण कर भारत की सामरिक शक्ति का परिचय दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को निंबाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राजस्थान के 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गई।
अटलजी ने देश को विकास की नई दिशा दी-
अमित शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के जरिए देश में आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित करने का काम किया। उन्होंने पहली बार जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी कल्याण के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई तथा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई।
मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं
अमित शाह ने महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह को नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। यहां के वीरों की राष्ट्रभक्ति, धर्मनिष्ठा और स्वराज के प्रति समर्पण ने इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पहले केवल करीब 11 लाख घरों तक नल से पानी पहुंचता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए जल जीवन मिशन के तहत पिछले आठ वर्षों में प्रदेश के 64 लाख घरों तक पानी पहुंचाया गया है।
वंदे मातरम को फिर मिला सम्मान : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की यह अमर कृति स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लाखों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे फिर व्यापक सम्मान मिल रहा है।
तीन बड़े जल समझौतों से आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का प्रयास-
अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तीन बड़े जल समझौते कर राजस्थान के बड़े हिस्से की पानी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हरियाणा, गुजरात और पंजाब से पानी लाने की दिशा में भी कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं और प्रदेश में नई नीतियों के माध्यम से विकास को गति दी जा रही है। युवाओं को रोजगार, गरीब परिवारों को रियायती गैस सिलेंडर और स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से सरकार जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है।
अटलजी के नेतृत्व में मजबूत हुई भारत की छवि : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के महान नेताओं में शामिल थे। उनके नेतृत्व में हुए परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की विजय ने विश्व पटल पर देश की छवि को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से भारत ने अपनी सामरिक क्षमता और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार-
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने तथा नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तीन नए आपराधिक कानून लागू होने से देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में कदम बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। नए एक्सप्रेस-वे, ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास जैसी योजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
अटलजी की प्रतिमा का किया अनावरण-
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने निंबाहेड़ा के जेके सर्किल स्थित मिनी अटल स्मारक में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, सहकारिता राज्यमंत्री गौतम कुमार दक, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार, सांसद सीपी जोशी, चुन्नीलाल गरासिया, मन्नालाल रावत, दामोदर अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुन लाल जीनगर, सुरेश धाकड़, चंद्रभान आक्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
इन 15 जिलों में हुए विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
जोधपुर: 1,475 करोड़ रुपये से अधिक के 96 कार्य
बांसवाड़ा: 1,098 करोड़ रुपये से अधिक के 43 कार्य
बाड़मेर: 477 करोड़ रुपये से अधिक के 65 कार्य
कोटा: 455 करोड़ रुपये से अधिक के 29 कार्य
फलोदी: 362 करोड़ रुपये से अधिक के 49 कार्य
पाली: 346 करोड़ रुपये से अधिक के 54 कार्य
चित्तौड़गढ़: 328 करोड़ रुपये से अधिक के 136 कार्य
प्रतापगढ़: 292 करोड़ रुपये से अधिक के 42 कार्य
जालोर: 237 करोड़ रुपये से अधिक के 108 कार्य
जैसलमेर: 202 करोड़ रुपये से अधिक के 63 कार्य
बालोतरा: 194 करोड़ रुपये से अधिक के 159 कार्य
सलूंबर: 86 करोड़ रुपये से अधिक के 34 कार्य
डूंगरपुर: 55 करोड़ रुपये से अधिक के 37 कार्य
सिरोही: 35 करोड़ रुपये से अधिक के 19 कार्य
बूंदी: 10 करोड़ रुपये से अधिक के 10 कार्य