चित्तौड़गढ़। बोजुन्दा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित श्री काला बावजी, कालभैरव एवं कालिका माताजी स्थल पर सोमवार 17 अगस्त को नागपंचमी पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
नागपंचमी के अवसर पर भोपाजी बाबूलाल जटिया के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। सोमवार को प्रातः 11 बजे अभिषेक किया जाएगा, जबकि दोपहर 12ः15 बजे महाआरती का आयोजन होगा।
बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु
जिला मुख्यालय पर बोजुन्दा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित श्री काला बावजी एवं कालभैरव स्थल पर नागपंचमी पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र
श्री काला बावजी, कालभैरव एवं कालिका माताजी का यह स्थल अति प्राचीन एवं चमत्कारिक धर्मस्थल के रूप में श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से यहां दर्शन और पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।