प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय के दौरे पर पहुंचे राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने तिरंगा रैली एवं भारत माता आरती कार्यक्रम के बाद संजीवनी सेवा संस्थान कार्यालय पहुंचकर संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों द्वारा राजस्व मंत्री हेमंत मीणा का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। संस्था अध्यक्ष यूनुस अहमद मंसूरी, सचिव अमर सिंह, फील्ड अधिकारी दिलीप सिंह देवड़ा सहित समाजसेवी विकास सोनी, पप्पूभाई टेलर एवं नंद किशोर माली ने मंत्री का स्वागत किया।
संस्था पदाधिकारियों ने राजस्व मंत्री को संस्था द्वारा संचालित कन्यादान महादान योजना, जैविक खेती, बागवानी, मोरिंगा (सहजन) खेती, नर्सरी संचालन एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने संबंधी कार्यों की जानकारी दी। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने संस्था की विभिन्न योजनाओं एवं सेवा कार्यों का जायजा लेते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजीवनी सेवा संस्थान द्वारा कन्यादान योजना, जैविक खेती, सहजन उत्पादन, बागवानी और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से जनहितकारी कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान संस्था पदाधिकारियों ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को मोरिंगा (सहजन) खेती एवं बागवानी के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों पर चर्चा की।