नीमच। प्रतिभाओं को सम्मान और सफलता को प्रोत्साहन देने की सार्थक पहल के रूप में श्री वैष्णव बैरागी समाज जिला नीमच का द्वितीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 रविवार को टाउन हॉल में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
समाज के जिला अध्यक्ष नरेंद्र बैरागी ने बताया कि समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा समाज की अन्य प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर उपलब्धि की खुशी और भविष्य के सपनों की चमक नजर आई।
कार्यक्रम में समाज के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्यजनों ने मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता केवल उनके परिवार के लिए खुशी का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में अतिथि के रूप में नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, नाथूदास वैष्णव, पुरुषोत्तम लाल झंवर एवं डॉ. स्वप्निल वधवा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजजनों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
समारोह के माध्यम से समाज ने प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ शिक्षा, प्रोत्साहन और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद रामावत ने किया।