निंबाहेड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। जेके सर्किल स्थित मिनी अटल स्मारक में आयोजित कार्यक्रम के बाद उन्होंने अंबेडकर कॉलेज के खेल मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम्’ को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे फिर से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
शाह ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मामले में देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
5,659 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ सहित 15 जिलों के करीब 5,659 करोड़ रुपए की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
4 हजार किलो अष्टधातु से बनी है प्रतिमा-
निंबाहेड़ा के जेके सर्किल पर बनाए गए मिनी अटल स्मारक में स्थापित वाजपेयी की प्रतिमा करीब 4 हजार किलो अष्टधातु से तैयार की गई है। प्रतिमा को 8 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है। इसे जयपुर के कारीगरों ने तैयार किया है। स्मारक परिसर में दो अन्य प्लेटफॉर्म भी बनाए गए हैं, जिनमें वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के पोकरण परमाणु परीक्षण और उनके विभिन्न भाषणों की झलक प्रदर्शित की गई है।
अलवर में युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे शाह-
निंबाहेड़ा के बाद अमित शाह अलवर के विजयनगर ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां वे करीब 6,262 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना की राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी। कार्यक्रम में 10,580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने का आरोप-
अमित शाह के अलवर दौरे को लेकर खैरथल-तिजारा कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें रातभर होटल में नजरबंद रखा गया और सुबह कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर उन्हें थाने ले जाया गया। अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया था।