खरगोन। जिले के कसरावद नगर के एकमात्र खेल मैदान को बचाने के लिए खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने संगठित होकर प्रशासन से गुहार लगाई है। इस संबंध में नगर के समस्त स्पोर्ट्स खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों द्वारा एसडीएम महोदय को ज्ञापन सौंपते हुए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रस्तावित प्रयोगशाला निर्माण को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई,ज्ञापन में बताया गया कि नगर में वर्तमान में केवल एक ही खेल मैदान उपलब्ध है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं। यदि स्कूल ग्राउंड की भूमि पर प्रयोगशाला निर्माण किया गया, तो बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। यही मैदान पूर्व में सांसद खेल महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों का भी साक्षी रहा है।
इस पहल में खेलप्रेमी लल्ली पाटीदार, सुमित पाटीदार, लक्की सैफ, दाऊ पटेल, सचिन कर्मा सहित अनेक खिलाड़ी और खेलप्रेमी शामिल रहे, जिन्होंने एक स्वर में खेल मैदान को संरक्षित रखने की मांग की,खिलाड़ियों का कहना है कि खेल मैदान बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का आधार होते हैं। मैदान समाप्त होने का सीधा असर बच्चों के भविष्य और खेल प्रतिभाओं पर पड़ेगा।