खरगोन। पर्यटन विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय खरगोन में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिलेभर से 240 टीमों ने पंजीयन कराया, जिनमें करीब 180 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता का प्रथम चरण सुबह 10 से 12 बजे तक लिखित परीक्षा के रूप में हुआ। इसके बाद मल्टीमीडिया आधारित इंटरैक्टिव क्विज आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन, इतिहास, संस्कृति एवं मध्यप्रदेश की धरोहरों से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। क्विज नोडल अधिकारी नीरज अमझरे ने बताया कि पिछले वर्ष सीएम राइज स्कूल महेश्वर ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया था।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों से परिचित कराना और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। शाला प्राचार्य राजेंद्र पाटीदार एवं जयश्री जोशी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।