भीकनगांव/खरगोन। शिवभक्ति और संकल्प की अनूठी मिसाल पेश करते हुए हरिहर कावड़ मंडल के तत्वावधान में डाक कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। शनिवार को पंधाना विधायक छाया मोरे ने ग्राम बमनाला से 150 कावड़ियों के जत्थे को डाक कावड़ लेकर रवाना किया।
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई यात्रा में कावड़िए दौड़ते हुए त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, नाशिक महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए। कावड़ियों को करीब 400 किलोमीटर की दूरी 36 घंटे में पैदल तय करनी है। यात्रा पूरी कर कावड़िए श्रावण माह के दूसरे सोमवार को त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
कावड़ यात्रा के रवाना होने के दौरान बमनाला सहित आसपास का क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। कावड़ियों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक छाया मोरे ने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डाक कावड़ यात्रा आस्था, एकता और सनातन संस्कृति की प्रतीक है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी कावड़ियों की यात्रा सफल और मंगलमय होने की कामना की।
हरिहर कावड़ मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। 400 किलोमीटर की दूरी और 36 घंटे की समय सीमा के कारण यह यात्रा कावड़ियों के लिए आस्था के साथ-साथ संकल्प और समर्पण की भी परीक्षा मानी जा रही है।