देवास। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के तहत ग्राम गंधर्वपुरी में लगा जनविश्वास शिविर सिर्फ एक प्रशासनिक आयोजन नहीं, बल्कि आमजन और शासन के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनकर उभरा। यहां अधिकारियों ने न केवल लोगों की समस्याएं सुनीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष की मुस्कान भी लाई।
शिविर में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, प्रमुख सचिव डॉ. ई. रमेश कुमार, कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं एसपी पुनीत गेहलोद सहित वरिष्ठ अधिकारी स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और सीधे आवेदन लेकर उनकी बात सुनी। यह पहल आमजन के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े, बल्कि प्रशासन खुद उनके द्वार तक पहुंचा।
शिविर में कई समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कर समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाया।
राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने इसे जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि अब शासन-प्रशासन गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। प्रमुख सचिव डॉ. ई. रमेश कुमार ने लोगों से बेझिझक अपनी बात रखने का आह्वान किया।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि यह अभियान सिर्फ समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक मजबूत पहल है, जहां हर नागरिक की आवाज को प्राथमिकता दी जा रही है।